कोसीर बाँधा तालाब में शनि मंदिर की स्थापना, श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल
कोसीर बाँधा तालाब में शनि मंदिर की स्थापना, श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला
लक्ष्मण लहरें
कोसीर:-- आस्था और श्रद्धा से जुड़ी भावनाओं को साकार करते हुए कोसीर के बाँधा तालाब परिसर में शनिवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शनिदेव की प्रतिमा की स्थापना की गई। इस अवसर पर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
बताया जा रहा है कि बाँधा तालाब के किनारे शनिदेव मंदिर निर्माण एवं प्रतिमा स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही थी। स्थानीय श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों के सहयोग से यह मांग अब पूरी हो गई है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
विशेष रूप से कुशलई मंदिर पारा की सक्रिय महिलाएं धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रही हैं। चाहे कुशलई मंदिर की भव्य महाआरती हो या सावन माह में आयोजित बोल बम यात्रा, महिलाएं हर आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाती हैं। इसी धार्मिक उत्साह और समर्पण के चलते महिलाओं एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से बाँधा तालाब के किनारे शनिदेव मंदिर का निर्माण कराया गया और विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न की गई।
स्थापना समारोह के दौरान भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने शनिदेव के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
ग्रामीणों का मानना है कि मंदिर की स्थापना से क्षेत्र में धार्मिक वातावरण को और मजबूती मिलेगी तथा श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए एक नया आध्यात्मिक केंद्र प्राप्त होगा। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और “जय शनिदेव” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
Comments
Post a Comment