ग्राम नवापारा में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया पोषण माह — महिलाओं को दिया गया संतुलित आहार और स्वास्थ्य का संदेश
ग्राम नवापारा में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया पोषण माह — महिलाओं को दिया गया संतुलित आहार और स्वास्थ्य का संदेश
ब्लॉक संवाददाता मनीषा टंडन
बलौदाबजार:-- सिमगा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम नवापारा में राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग सिमगा द्वारा पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विभाग की पर्यवेक्षक सरस्वती बघेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीण महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की रोकथाम करना, स्वस्थ खानपान की आदतों को अपनाना और पोषक आहार के महत्व को समझाना रहा। इस दौरान विभाग की टीम ने संतुलित भोजन, स्वच्छता, आयरन व प्रोटीनयुक्त आहार के लाभ, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए विशेष पोषण योजना और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियाँ दीं।
पर्यवेक्षक सरस्वती बघेल ने कहा कि पोषण माह का मुख्य उद्देश्य हर परिवार तक “संतुलित आहार, स्वस्थ जीवन” का संदेश पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों को पौष्टिक भोजन जैसे दाल, हरी सब्जियाँ, अंडा, दूध और फल नियमित रूप से देना चाहिए ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके।
आंगनबाड़ी केंद्र नवापारा में आयोजित इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शिवानी ध्रुव,बिमला वर्मा, रामदेवी वर्मा, सहायिका मेलन ध्रुव, दुलारी वर्मा, दुर्गा ध्रुव सहित ग्राम के अनेक महिलाएँ उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर पोषण से संबंधित शपथ ली और अपने परिवारों व पड़ोस में पोषण जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
ग्रामवासियों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से गाँव में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और महिलाएँ अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अधिक सजग होती हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पौष्टिक आहार की जानकारी के साथ-साथ अल्पाहार वितरित किया गया तथा पोषण से जुड़े नारे लगाकर माह का समापन किया गया।
Comments
Post a Comment